Ashish Published on February 29, 2024 at 17:53 pm
3 महीने के बेटे की फोटो खींचते ही उसकी आंखों में चमकी रोशनी से उसमें कैंसर की बीमारी का पता चला. (सांकेतिक फोटो)
Published On February 29, 2024 at
लंदन. एक महिला ने अपने बच्चे की फोन से जैसे ही तस्वीर खींची तो वह उसका चेहरा देखकर चौंक गई. बच्चे की आंखों को देख उसके होश उड़ गए. महिला अपने 3 महीने के बेटे की फोटो खींच रही थी, तभी मोबाइल की चमकती रोशनी से जो दिखा, वह डरा देने वाला है. पता चला कि बेटे को दुर्लभ प्रकार का कैंसर है. यह आंखों का कैंसर (Retinoblastoma) था.
न्यूयॉर्क पोस्ट में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, लंदन के केंट में रहने वाली 40 वर्षीय सारा हेजेस नवंबर 2022 में घर में खाना बना रही थीं. तभी उनकी नजर अपने 3 महीने के बच्चे पर पड़ी. उसकी आंख में एक अजीब सफेद चमक नजर आई. उसकी आंखें बिल्ली की तरह दिख रही थीं. महिला को इससे चिंता हुई, क्योंकि यह असामान्य था. उसने तुरंत अपने स्मार्टफोन की फ्लैशलाइट जलाई और इसे करीब से देखा. जो कुछ भी उसे नजर आया, उसने तुरंत इंटरनेट पर इसके बारे में सर्च किया.
कुछ ही पल में गायब हो गई चमक
कुछ देर बाद उसे स्मार्टफोन का फ्लैश ऑन करके बेटे थॉमस की कुछ तस्वीरें खींचीं. इस उम्मीद में कि एक बार फिर वह उसकी आंख की उस रहस्यमयी चमक को कैप्चर कर लेगी. लेकिन यह चमक कुछ ही पल में गायब हो चुकी थी. फिर महिला को लगा कि शायद लाइट की वजह से यह चमक बनी होगी. मगर उसके मन में शंका घर कर गई. उसने पूरा मामला समझने की कोशिश की. वह बेटे थॉमस को अलग-अलग कमरों में घुमाती रही, अलग-अलग रोशनी में ले जाकर उसे करीब से देखा. कुछ ही देर बाद वह सफेद चमक उसकी आंखों में फिर से दिखाई दी.
डॉक्टर ने की कैंसर की पुष्टि
इसके बाद उसने फिर इंटरनेट पर सर्च किया, लेकिन जो नतीजा आया, वह देखकर डर गई. कैंसर… फिर उसने तुरंत डॉक्टर से संपर्क किया. जांच के बाद उन्होंने इसकी पुष्टि की. बताया कि यह आंख का दुर्लभ कैंसर है, जिसे रेटिनोब्लास्टोमा के नाम से जानते हैं. इससे आंख की रोशनी जा सकती है. यह जानने के बाद सारा परेशान हो गईं. उन्होंने तुरंत उपचार शुरू किया. नवंबर 2022 में 6 बार कीमोथेरेपी हुई. 10 मई 2023 को आखिरकार डॉक्टरों ने उसे कैंसर मुक्त घोषित किया.
