Gaon Sabha Published on January 8, 2026 at 16:45 pm
Published On January 8, 2026 at
डिफेंस कॉरिडोर और बीडा के निर्माण के बाद यहां एयरपोर्ट होना जरूरी: जवाहर राजपूत
प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर सर्वे का काम शुरू करने का अनुरोध
झांसी. गरौठा विधायक ने झांसी जिले में बन रहे बीडा और डिफेंस कॉरिडोर जैसे बड़े औद्योगिक केंद्रों का हवाला देते हुए झांसी जिले में एयरपोर्ट की स्थापना की मांग करते हुए प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद को पत्र सौंपा है. विधायक ने इसके लिए मोंठ तहसील के कुछ गांव में एयरपोर्ट के लिए उपयोगी जमीन अधिग्रहण करने का भी प्रस्ताव दिया है.
गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रमुख सचिव के माध्यम से भेजे पत्र में झांसी को बुन्देलखण्ड की हृदय स्थली बताया है. उन्होंने कहा कि यहां रेलवे यातायात का व्यापक संसाधन है, जिससे भारत के प्रत्येक राज्य में झांसी से ट्रेनों का आवागमन होता है. वहीं झांसी उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम गलियारे का भी जंक्शन है. विधायक राजपूत ने पत्र में कहा कि झांसी में लम्बे समय से एयरपोर्ट के लिये जगह तलासी गयी, लेकिन कहीं जमीन उपलब्ध नहीं हो पायी है. झांसी नगर में सेना की पहले से एयरपट्टी बनी है जहां पर सामान्य उड़ानों को अनुमति नहीं है. यहां आम नागरियों के लिये कोई हवाई सेवायें नहीं हैं. झांसी में बुन्देलखण्ड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) एवं डिफेंस कॉरिडोर एरच में बन रहा है, इसलिये यहां एयरपोर्ट होना अत्यन्त आवश्यक है जिससे बड़े-बड़े व्यापारियों एवं आमजन मानस को हवाई यात्रा की सुविधा मिल सके. गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने कहा कि झांसी में एयरपोर्ट के लिए जमीन की उपलब्धता नहीं है और ऐसे में जनपद से दूर मोंठ तहसील के गांव लुधियाई, करकोस, फतेहपुर, चेलरा एवं टेहरोली तहसील के टेहरौली खास, गड़ी करगाँव, बघेरा आदि ग्रामों में जमीन का अधिग्रहण कर एयरपोर्ट बनाया जा सकता है.
विधायक ने कहा कि यहां पर एयरपोर्ट के निर्माण हेतु सर्वे/परीक्षण शुरू कराया जाए ताकि झांसी में एयरपोर्ट निर्माण की कमी को पूरा किया जा सके.
